अविराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को मिला जीएनएम का एफिलिएशन, क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ

अविराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने कुड़ू और लातेहार में जीएनएम कोर्स के संचालन के लिए आधिकारिक संबद्धता हासिल की है. इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे.

कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट

कुड़ू: लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड के टिको में संचालित अविराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस तथा लातेहार के चंदवा प्रखंड स्थित हुटाप परिसर को जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) कोर्स के संचालन के लिए आधिकारिक संबद्धता (एफिलिएशन) मिल गई है. जीएनएम कोर्स के संचालन की मान्यता मिलने से संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों और क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर है.

संस्थान के सचिव इंद्रजीत कुमार भारती ने इस उपलब्धि पर पूरी फैकल्टी, प्रशासनिक टीम और विद्यार्थियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह संस्थान के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है. संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के युवाओं, विशेषकर छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा और रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें शिक्षा के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन न करना पड़े.

उन्होंने कहा कि लोहरदगा, लातेहार, चतरा, पलामू, गुमला, सिमडेगा समेत आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. संस्थान प्रबंधन स्थानीय स्तर पर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है. नर्सिंग शिक्षा के बाद संस्थान की ओर से लॉ कॉलेज के संचालन की भी योजना है.

प्रबंधन के अनुसार, जीएनएम कोर्स के लिए आधुनिक लैब, सुसज्जित लाइब्रेरी, अनुभवी फैकल्टी और क्लिनिकल ट्रेनिंग की समुचित व्यवस्था पूरी कर ली गई है. विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें पेशेवर क्षेत्र के लिए तैयार किया जाएगा.

जीएनएम कोर्स के संचालन के लिए एफिलिएशन मिलने से क्षेत्र में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है. संस्थान प्रबंधन ने इसे स्थानीय युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >