श्रद्धांजलि देते रो पड़ी पत्नी व पुत्री
कुड़ू-लोहरदगा : कारगिल में दुश्मनों से लोहा लेते शहीद हुए कैरो प्रखंड के एडादोन निवासी विश्राम टाना भगत को सोमवार को कुड़ू के टाटी चौक श्रद्धांजलि दी गयी. चौक पर स्थापित प्रतिमा पर लोगों ने माल्यार्पण किया.
मौके पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. सभा में आजसू नेता सूरज अग्रवाल ने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं अमर हो जाते हैं. लाल गुडडू नाथ शाहदेव व भाजपा कुड़ू प्रखंड अध्यक्ष राजेश प्रसाद ने कहा कि विश्राम टाना भगत ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी. इसके अलावा कई और लोगों ने सभा को संबोधित किया. ज्ञात हो कि विश्राम टाना भगत बिहार रेजिमेंट में हवलदार के पद पर कार्यरत थे.
26 दिसंबर 2001 को दुश्मनों से लोहा लेते हुए कारगिल सेक्टर मे शहीद हो गये थे, तब से प्रत्येक साल टाटी चौक में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाता है. विश्राम टाना भगत जब शहीद हुए थे, तब एकमात्र पुत्री खुशबू छह माह की थी. पहली बार पुत्री श्रद्धांजलि देने आयी थी. शहीद की पत्नी तारामनी भगत एवं पुत्री खुशबू श्रद्धांजलि देते रो पड़ी.
साथ में आये शहीद के भाई बाबूलाल भगत, सहयोगी सेना के जवान शिवराज टाना भगत व बुधमन उरांव ने दोनों को संभाला. श्रद्धांजलि सभा में कलीम खान, प्रखंड प्रमुख परिबा मुंडा, कवलजीत सिंह, मुन्ना अग्रवाल, परमेश्वर महतो, सलीम पांडू, कबीर अंसारी, संजय चौधरी, बादल सिंह, प्रदीप ठाकुर, संजय महली, पवन गोयल, शशि कुमार, कंचन राम, शंकर उरांव, कनवर लाल खान व नवाज खान समेत भाजपा एवं आजसू के कई लोगों अलावा ग्रामीण मौजूद थे.
