लोहरदगा : लोहरदगा रेलवे स्टेशन में 2 आरएल से रांची जाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पहुंचे. वहां टिकट काउंटर में लोगों की भारी भीड़ लगी थी. भीड़ में ही किसी ने यह अफवाह फैला दी कि टिकट काउंटर में 500 और 1000 रुपये के नोट नहीं लिये जा रहे हैं. इसी बीच पीछे से आवाज आती है कि 1000 रुपये के नोट के बदले 800 रुपये एवं 500 रुपये के नोट के बदले 300 रुपये पेड़ के नीचे बदले जा रहे हैं. इसी बीच वहां रेलवे सुरक्षा बल के इंचार्ज विजय कुमार यादव वहां पहुंचे और लोगों को बताया कि इस तरह की कोई बात नहीं है.
इसी बीच उन्हें किसी ने बताया कि कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं. इसके थोड़ी देर बाद ट्रेन अपने निर्धारित समय से रांची के लिए रवाना होती है. ट्रेन रवाना होने के बाद रेलवे स्टेशन में रिजर्वेशन का काम शुरू होता है.
काउंटर में विश्वजीत देवघरिया बैठे हैं और राजेंद्र उरांव चेन्नई के टिकट के लिए फार्म एवं हजार-हजार के नोट देते हैं. अचानक राजेंद्र के चेहरे पर खुशी झलकने लगती है जब विश्वजीत देवघरिया हजार का नोट लेकर उसे टिकट थमा देता है. पीछे कतार में लगे लोग चर्चा करते हैं कि यहां सभी नोट चल रहा है.
