घटना. चिताकोनी से बडमारा तक हो रही थी तार की चोरी
कुड़ू (लोहरदगा) : हटिया ग्रिड से चंदवा चकला विद्युत पावर सब स्टेशन तक लगने वाले हाई एक्सटेंशन बिजली के तार की चोरी कर भाग रहे लोगों को ग्रामीणों ने खदेड़ा. इस क्रम मेंं दो चाेर तो भाग निकले, लेकिन एक को ग्रामीणों ने धर दबोचा. चोरी के उस आरोपी समेत एक टेंपो और करीब 100 किलोग्राम एल्यूमीनियम का तार ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया. बताया जाता है कि चिताकोनी गांव से बडमारा तक हाई एक्सटेंशन तार को कई दिनों से चोर काट कर ले जा रहे थे.
दो टावर को नुकसान पहुंचाया गया था. इसके बाद चिताकोनी के ग्रामीणों ने इन्हें पकड़ने की योजना बनायी. इसी क्रम में बुधवार की सुबह एक टेंपो (जेएच01बीएम-3692) पर सवार होकर तीन लोग टावर की तरफ जाते दिखे. ग्रामीणों ने उन्हें घेरने की योजना बनायी. ग्रामीणों को आता देख तीनों टेंपो लेकर भागने लगे. इसी बीच और ग्रामीण जुट गये. मौका पाकर टेंपो में सवार दो लोग भाग निकले. ग्रामीणों ने टेंपो चालक सह मालिक कुड़ू थाना क्षेत्र के कौवाखाप निवासी हसमत अंसारी के पुत्र रकीब अंसारी को धर दबोचा. उसने ग्रामीणों को बताया कि दो लोग जो भागे हैं, उनके नाम कौवाखाप के जहीर अंसारी के पुत्र तफीजुल अंसारी एवं जब्बार अंसारी के पुत्र आसिफ अंसारी हैं.
तीनो हाई एक्सटेंशनक्तार को कुड़ू बेचने ले जा रहे थे. ग्रामीणों की सूचना पर सअनि शामिल उरांव चिताकोनी पहुंचे व एक आरोपी को टेंपो व तार के साथ कुड़ू थाना ले आये. एल्यूमीनियम तार की कीमत करीब 30 हजार आंकी जा रही है. इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
