लोहरदगा : राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रवास कुमार सिंह के मार्गदर्शन में व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित न्याय सदन में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया.
मुकदमों के निष्पादन के लिए पांच बेंचों का गठन किया गया, जिसकी अध्यक्षता क्रमश: जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय राजीव आनंद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजकुमार मिश्रा, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव चौधरी एहसान मोइज, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी निरूपम कुमार एवं स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष रौशन लाल शर्मा ने किया. मासिक लोक अदालत में सात मोटरयान दुर्घटना वाद में 635430 रुपये का चेक पीड़ित पक्षकार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रवास कुमार सिंह द्वारा दिया गया. मासिक लोक अदालत में नौ मामलों का निबटारा किया गया.
संचालन चौधरी एहसान मोइज ने किया. उन्होंने बताया कि अगली राष्ट्रीय लोक अदालत 13 अगस्त को आयोजित की जायेगी, जिसमें बैंक से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जायेगा. मौके पर लोक अदालत के सदस्य युगल किशोर प्रसाद सहित अधिवक्ता, पक्षकार एवं न्यायालयकर्मी मौजूद थे.
