किस्को-लोहरदगा : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 78 वीं वर्षगांठ के अवसर पर किस्को मुख्य चौक में शहीद जवान शिवनारायण भगत की प्रतिमा का अनावरण सीआरपीएफ 158 बटालियन के कमांडेंट मनोज कुमार गुप्ता एवं शहीद की पत्नी गंगिया देवी ने सामूहिक रूप से फीता काटकर किया गया. किस्को थाना क्षेत्र के हुवाहार निवासी स्व बलकु भगत के पुत्र हवलदार शिवनारायण भगत की शहादत 18 बटालियन असम में तैनाती के दौरान पांच दिसंबर 1987 को हो गयी थी. कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी रीति रिवाज के तहत पूजा अर्चना से की गयी. इस अवसर पर 158 वीं बटालियन के कमांडेड मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि आज किस्को प्रखंडवासियों के लिए बहुत ही गौरव का दिन है. सीआरपीएफ का मकसद ही है लोगों की सेवा और देश की रक्षा करना.
उन्होंने कहा कि अपने सेवा काल के दौरान शहीद हवलदार शिवनारायण भगत ने देश के सभी राज्य जैसे जम्मू कश्मीर, उत्तर पूर्व पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़ जैसे दुर्गम स्थानों पर तैनात हो कर देश की सेवा की. इसी बीच असम में उग्रवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गये थे. आज पूरा सीआरपीएफ 158 वीं बटालियन परिवार शहीद शिवनारायण भगत को नमन करता है.
158वीं बटालियन के द्वितीय कमांडेंट आरवी फिलिप ने कहा कि आज शहीद शिवनारायण भगत को सच्ची श्रद्धा प्राप्त हुई है. शहीद शिवनारायण भगत की जीवनी से लोगों को प्रेरणा लेने की जरूरत है. शहीद शिवनारायण भगत उग्रवादियों से देश के लिए लड़ते रहे और अंततः वीरगति को प्राप्त हुए. शहीद की परिवार सीआरपीएफ का परिवार है. उक्त परिवार को हर संभव मदद किया जायेगा. शहीद के पुत्र रणवीर भगत को नौकरी के लिए पहल की जायेगी.
कार्यक्रम में शहीद की पत्नी गंगिया देवी को कमांडेंट मनोज कुमार गुप्ता ने सम्मानित किया. कार्यक्रम के पश्चात प्रतिमा स्थल के आस पास पौधा रोपण किया गया. मौके पर उप कमांडेंट सुरेश उरांव, डिप्टी कमांडेंट अमरेंदर तिवारी, इंस्पेक्टर बीके सिंह, किस्को थाना के एएसआइ अविनाश कुमार सिंह, खरकी पंचायत की मुखिया चांदमनी उरांव, वार्ड सदस्य राजमुनी उराईन, शहीद शिवनारायण की पत्नी गंगिया देवी, पुत्र रणवीर भगत, पुत्री सुमित्रा देवी,भाई धनेश्वर भगत, भाभी सरोज देवी व सीआरपीएफ के जवान उपस्थित थे.
