हाइवा ने बिजली के खंभे को मारी टक्कर, बिजली पोल घर पर गिरा, दो कार और मकान क्षतिग्रस्त

लोहरदगा-गुमला पथ पर छतर बगीचा मोड़ के पास गुरुवार अहले सुबह एक बड़ा हादसा टल गया.

लोहरदगा. लोहरदगा-गुमला पथ पर छतर बगीचा मोड़ के पास गुरुवार अहले सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. रिचुघुटा में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के लिए मेटेरियल लोड हाइवा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घर के बाहर खड़े 33 हजार वोल्ट के बिजली पोल से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल उखड़ गया और उससे जुड़ी बिजली लाइन टूटकर जमीन पर गिर गयी. गनीमत रही कि उस समय कोई व्यक्ति तारों की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. इस दुर्घटना में पंकज कुमार जायसवाल और उनके परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गये. हालांकि, घर के बाहर खड़ी दो कारें (संख्या जेएच01ईके-0001) और (संख्या जेएच01जीडी-0002) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयीं. मकान का बाहरी हिस्सा भी टूट-फूट गया. हादसे के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई. फुटेज में साफ दिख रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा. बताया गया कि यह हाइवा भडगांव मिक्सचर प्लांट से चिप्स लेकर बीटीआईपीएल कंपनी के लिए रिचुघुटा जा रहा था. हादसे के तुरंत बाद पंकज कुमार जायसवाल ने बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन कट करायी और पुलिस को भी खबर दी. घटना के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल व तारों की मरम्मत शुरू कर दी. अधिकारियों ने बताया कि 33 हजार वोल्ट की लाइन टूटने से पूरे क्षेत्र की बिजली बाधित हो गयी है. विभाग ने वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर ली गयी है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash nath

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >