सिंचाई कूप खुदाई में सीमेंट आपूर्ति के नाम पर अवैध निकासी
पंचायत सचिव से लेकर मुखिया तक पर लगा जुर्माना
कुड़ू़ मनरेगा तथा 14 वें वित आयोग की राशि से वर्ष 2016 – 2017 में संचालित विकास योजनाओं को लेकर बुधवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार में समाजिक अंकेक्षण को लेकर जनसुनवाई हुई़
इसमें आये राज्य कंसल्टेंट उज्जवल पहरूकर के सामने विकास कार्यों के नाम पर हो रहे सरकारी राशि के बंदरबांट की पोल खुल गयी. सिंचाई कूप खुदाई कार्यों में सीमेंट आपूर्ति के नाम पर अवैध निकासी का मामला सामने आया तो कहीं-कहीं आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत के नाम पर बगैर काम कराये सरकारी निकासी का मामला सामने आने के बाद पंचायत सचिव से लेकर संबधित पंचायत के मुखिया, रोजगार सेवक पर जुर्माना लगाया गया. साथ ही कुछ मामलों को जिला स्तरीय जनसुनवाई में ले जाने की बात कही गयी. बताया जाता है कि प्रखंड के तीन पंचायतों ककरगढ़, उडुमुड़ू तथा टाटी पंचायत में पिछले दिनों समाजिक अंकेक्षण सोशल आडिटरों द्धारा कराया गया था. इसमें भारी गड़बड़ी पकड़ी गयी थी. उड़मुडू पंचायत में मनरेगा से सिंचाई कूप खुदाई कार्य लाभुक सोमरा उरांव, बंधना उरांव समेत अन्य लाभुकों के सिंचाई कूप में लाभुकों ने अंकेक्षण टीम को बताया कि सिंचाई कूप खुदाई में मात्र 25 से 45 बैग सीमेंट मिला है जबकि डाटा इंट्री में 130-135 बैग सीमेंट की राशि का भुगतान किया गया है.
राज्य कंसल्टेंट ने उड़मुडू पंचायत के तत्कालीन पंचायत सचिव समेत जिन-जिन लोगों ने मस्टर रौल तथा चेक पर हस्ताक्षर किया है सभी पर एक-एक हजार रुपये जुर्माना लगाया गया. इसी प्रकार ककरगढ़ पंचायत में 68 विकास कार्यों की योजना पंजी नहीं दिखाने पर प्रति योजना एक-एक सौ रुपये का जुर्माना पंचायत सचिव, रोजगार सेवक तथा बीपीओ पर लगाया गया. उड़मुडू पंचायत में 14 वें वित्त आयोग की राशि से कनीय अभियंता, कंप्यूटर आॅपरेटर को राशि देने के मामले की जांच होगी, टाटी पंचायत में 14 वें वित्त आयोग की राशि से हो रहे आंगनबाड़ी केंद्र के मरम्मत कार्य में गड़बड़ी की जांच होगी. साथ ही उडुमुडू पंचायत टाटी पंचायत में संचालित कुछ योजनाओं की जांच जिला स्तरीय टीम से कराने का फैसला किया गया. मौके पर उज्जवल पहरुकर ने कहा कि सरकारी कर्मचारी हो या जनप्रतिनिधि अपनी कार्यशैली में सुधार लाये .
गड़बड़ी सहन नहीं होगी. कार्य के अनुरूप जहां भी अधिक राशि की निकासी हुई है संबधित पंचायत सचिव से लेकर मुखिया तक से सरकारी राशि की वसूली होगी. मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी मनीष तिर्की, जिप उपाध्यक्ष जफर खान, बीडीओ संतोष कुमार, बीपीओ अरविंद रौशन, प्रखंड कंसल्टेंट मुकेश गुप्ता, मुखिया गीता तिर्की, आशामनी उरांव, ललिता उरांव, देवकांत उरांव, रामसहाय टाना भगत, दिलीप बिरेंद्र लकड़ा, नैनी मधु, देवेंद्र महतो, तसलीम खान समेत कई लोग मौजूद थे़
