लोहरदगा : बरसात के दिनों में शहरी क्षेत्र के मैना बगीचा की सड़क चलने लायक भी नहीं रह जाती है. इस सड़क पर सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे भरे पड़े है़ं यहां हल्की बारिश में भी पानी जम जाता है जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है. ऐसे तो मैना बगीचा क्षेत्र के लोग ही पूरी बरसात परेशान रहते है़ं इसका कारण है यहां जल निकासी की कोई व्यवस्था का नहीं होना. जल निकासी नहीं रहने से बरसात का पानी लोगों के घरों में घुस जाता है.
इस क्षेत्र में अधिकतर आवासीय मकान हिंडालको कंपनी द्वारा बनाये गये डंपिंग यार्ड के पहले बनाया गया है. हिंडाल्को कंपनी द्वारा डंपिंग यार्ड बनाते समय आम लोगों की समस्या को नजरअंदाज कर सड़क को ऊंचा बना दिया गया जिससे पानी निकासी रूक गयी. कंपनी ने पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की. लोगों का आक्रोश हिंडालको कंपनी के प्रति बढ़ता जा रहा है.
लोगों का कहना है कि हिंडालको कंपनी यहां से करोड़ों रुपये का बाक्साइट प्रतिदिन ले जा रही है लेकिन इस इलाके में मामूली खर्च कर न तो नाली बनवा रही है और न ही सड़क की मरम्मत करायी जा रही है. कहने को कंपनी सामुदायिक विकास का काम करती है लेकिन धरातल पर इनका सामुदायिक विकास कहीं नजर नहीं आता. लोगों ने कहा है कि यदि उनकी समस्याओं का निदान शीघ्र नहीं किया जाता है तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे.
