चंदवा (लातेहार). टोरी रेलवे फाटक के समीप डाउन रेलवे लाइन पर रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. जानकारी के अनुसार, घटना डाउन लाइन के पोल संख्या 184/15 के समीप हुई. प्रथम दृष्टया महिला द्वारा ट्रेन की चपेट में आकर आत्महत्या किये जाने की आशंका जतायी जा रही है. मृतका के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान पार्वती तुरी, पति वीरू तुरी, निवासी अम्बाटांड़ सेरक के रूप में की गयी है.
पति के साथ हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि पार्वती तुरी का अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद वह घर से निकल गयी थी. कुछ समय बाद रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना पर परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई.
ये भी पढ़ें: सरकारी स्कूलों की स्वर्ण श्रेणी में लातेहार के दो स्कूल, प्रिंसिपल जाएंगे प्रशिक्षण के लिए राजस्थान
मामले की जांच शुरू
सूचना मिलने के बाद रेल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है. घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस और रेल प्रशासन मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं.
