बालूमाथ. प्रखंड की शेरेगड़ा पंचायत के ग्रामीणों ने कोयला साइडिंग और बाइपास रोड से उड़ने वाले डस्ट से हो रहे नुकसान को लेकर उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा है. ग्रामीणों का कहना है कि टोरी-शिवपुर रेलवे लाइन के शेरेगड़ा कोयला साइडिंग से उड़ने वाले धूल-कण के कारण क्षेत्र में प्रदूषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल की गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है. मांग पत्र के माध्यम से प्रभावित किसानों और युवाओं ने रोजगार देने, सड़क किनारे बसे गांवों में नियमित पानी का छिड़काव कराने, साइडिंग क्षेत्र में फव्वारा लगाने और प्रभावित गांवों में डीप बोरिंग से पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. इसके अलावा, साइडिंग में कार्यरत बाहरी वाहनों को हटाकर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की भी मांग की गयी है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 27 मई तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो साइडिंग व बाइपास रोड पर वाहनों का परिचालन अनिश्चितकालीन ठप कर दिया जायेगा. मांग पत्र पर राजा यादव, अनिल यादव, उदय गंझू सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं. इसकी प्रतिलिपि एसपी, एसडीओ और थाना प्रभारी को भी भेजी गयी है. सुरेंद्र उरांव बने कांग्रेस नगर अध्यक्ष
लातेहार. कांग्रेस पार्टी ने सुरेंद्र उरांव को नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है. इस आशय का पत्र कांग्रेस जिला अध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद यादव ने सुरेंद्र उरांव को देते हुए उन्हें नगर कमेटी का अविलंब गठन करने का निर्देश दिया है. कामेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि सुरेंद्र उरांव के नगर अध्यक्ष बनाये जाने से शहरी क्षेत्र में कांग्रेस का संगठन मजबूत होगा. वहींए सुरेंद्र उरांव ने कहा कि पार्टी ने जिस उम्मीद के साथ मुझे यह जिम्मेवारी सौंपी है उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे. श्री उरांव के अध्यक्ष बनने पर युवा जिला अध्यक्ष अमित यादव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिता देवी समेत कई लोगों ने बधाई दी है.
