लातेहार. वॉलेंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन, झारखंड और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वाधान में रक्तदान कार्यकर्ताओं का राज्यस्तरीय दो दिवसीय सम्मेलन का समापन रविवार को राज्य फेडरेशन के गठन के साथ हुआ. विकास भारती, पटेल बागान सुंदरनगर जमशेदपुर में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में फेडरेशन का गठन किया गया. इसका नाम फेडरेशन ऑफ वॉलेंटरी ब्लड डोनर्स ऑर्गेनाइजेशन रखा गया. इसमें लोहरदगा के सजल कुमार अध्यक्ष, जमशेदपुर के अनूप श्रीवास्तव उपाध्यक्ष, पूर्वी सिंहभूम के कमल घोष महासचिव, धनबाद जिले के गोपाल भट्टाचार्य संयुक्त सचिव, एमहक भारती-हजारीबाग कोषाध्यक्ष एवं रामगढ़ जिले के विवेकानंद वर्मा सह-कोषाध्यक्ष चुना गया. जामताड़ा के अरूप कुमार मित्रा, लातेहार के विकासकांत पाठक और गढ़वा के विवेक तिवारी को कार्यकारिणी समिति सदस्य चुना गया. वहीं झारखंड रक्तदान आंदोलन के प्रणेता सुनील मुखर्जी मार्गदर्शक चुने गये. यह फेडरेशन अगले एक वर्ष तक पूरे झारखंड में रक्तदान जागरूकता अभियान को गति देने का कार्य करेगा. सम्मेलन के अंतिम दिन रक्तदान आंदोलन से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गयी. वॉलेंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन झारखंड के ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर प्रदीप घोषाल ने संगठन की गतिविधियों एवं कार्य योजनाओं की जानकारी दी. जमशेदपुर ब्लड सेंटर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ कामथ ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर ब्लड सेंटर की ओर से किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी. केरला पब्लिक स्कूल ग्रुप के निदेशक और जमशेदपुर थैलेसीमिया सोसाइटी के चेयरमैन शरद चंद्रन द्वारा सुरक्षित रक्तदान में नेतृत्वकर्ता की भूमिका पर चर्चा की गयी. वहीं झारखंड के सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में रक्तदान आंदोलन की अग्रणी भूमिका निभानेवाले राजेश मार्डी ने आदिवासियों के बीच रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देने के संदर्भ में अपने अनुभवों को साझा किया. वीवीडीए के संस्थापक अध्यक्ष सुनील मुखर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अगले राज्य स्तरीय सम्मेलन की जिम्मेवारी लोहरदगा जिले के टीम को फेडरेशन का ध्वज सौंपते हुए दिया. मौके पर संजय चौधरी, विनय सरकार, श्रीराम सिंह, सुब्रतो दास, गौरव दास, नब कुमार बोस, कौशिक दत्ता, जी नरेश कुमार, रवि पात्रा, शुभंकर, शुभोजित मजुमदार,आशीष कुमार रॉय, अशोक महतो, संतोष कुमार श्रीवास्तव, सिमरन कुमारी, रीतम दत्ता, कृष्ण कुमार ठाकुर समेत वीवीडीए के कई सदस्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
