अनियंत्रित होकर बाइक से टकराया ट्रक, बाइक सवार जीजा-साले की मौत

एनएच-75 पर चंदवा के पास ट्रक और बाइक की भीषण टक्कर में जीजा-साले की मौत हो गई. ट्रक पलटने से दोनों युवक उसके नीचे दब गए थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

चंदवा : एनएच-75 पर चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवा टोली के समीप गुरूवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में टिकू भुइयां पिता नरेश भुइयां (महाबीर नगर बुकबुका, खलारी-रांची) व मिथुन भुइयां पिता बुतरू भुइयां (ग्राम सलगी-चांपी, लोहरदगा) शामिल है. दोनों आपस में जीजा-साला थे. अंत्यपरीक्षण के बाद शव घर तक पहुंचाने के लिये विधायक प्रतिनिधि विजय दुबे ने पहल की. सीएस से दूरभाष पर बात कर शव वाहन उपलब्ध कराया. इधर मृतकों के परिजन भी चंदवा पहुंच गये थे. उनका रो-रोकर बुरा हाल था. दोनों परिवार में मातम पसरा है.

कैसे हुई घटना

जानकारी के अनुसार एक ट्रक (जेएच13ई-0395) डालटनगंज से चंदवा की ओर आ रहा था. वहीं बाइक (जेएच13के-1771) पर सवार होकर जीजा-साला लातेहार की ओर जा रहे थे. उक्त स्थान पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया. दूसरे लेन में जाकर सामने से आ रहे बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद ट्रक बाइक पर ही पलट गया. दोनों बाइक सवार ट्रक के नीचे दब गए. घटना के बाद यहां अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिली. पुलिस के आने के बाद हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हटाया गया. तब जाकर दोनों शव बाहर निकल पाये. पुलिस ने अग्रतर कार्रवाई करते हुये शव को अंत्यपरीक्षण हेतू लातेहार भेज दिया. हादसे के वक्त कुछ समय तक एनएच-75 पर यातायात प्रभावित रहा था. पुलिस ने वाहन जब्त कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी थी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sumit kumar

Published by: Amleshnandan Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >