लातेहार ़ भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को जिला इकाई की मासिक बैठक आयोजित की गयी. कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के पितृ पुरुष डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. बैठक में मुख्य रूप से जिले में चल रहे जमीन सर्वे में व्याप्त अनियमितताओं और आगामी पंचायत चुनावों पर रणनीति तैयार की गयी. गांवों की शांति भंग कर रहा त्रुटिपूर्ण सर्वे : अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष बंशी यादव ने जमीन सर्वे की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि जिले में जमीन सर्वे के नाम पर भारी धांधली हो रही है. 20-30 साल पहले बेची जा चुकी जमीनें दोबारा पुराने रैयतों के नाम पर दर्ज की जा रही हैं. इस विसंगति के कारण गांवों में आपसी विवाद बढ़ रहे हैं और शांति भंग हो रही है. श्री यादव ने कहा कि यदि प्रशासन ने इन तकनीकी त्रुटियों को अविलंब नहीं सुधारा, तो भाजपा जनता के हित में उग्र आंदोलन को बाध्य होगी. पंचायत चुनाव 2027 की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता : प्रदेश मंत्री मनीर उरांव ने राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा. उन्होंने आह्वान किया कि वर्ष 2027 में होने वाले पंचायत चुनावों को लक्ष्य मानकर अभी से बूथ स्तर पर संगठन को अभेद्य बनायें. इसके अलावा मनिका के पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष राजधानी प्रसाद यादव, पंकज सिंह एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सह अधिवक्ता राजीव रंजन पांडेय ने भी बैठक को संबोधित किया. महामंत्री अमलेश सिंह ने मंच का संचालन किया. मौके पर छोटू राजा, कल्याणी पांडेय, मंजु सिंह, सरोज देवी, राकेश दुबे, ईश्वरी सिंह, अनिल सिंह, उषा देवी, रेणु देवी, ध्रुव कुमार पांडेय, मुकेश पांडेय, आशा लकड़ा, विष्णु देव गुप्ता, कन्हाई पासवान, रानी देवी, अर्पणा सिंह, अश्विनी सिंह, लव कुमार दुबे आदि मौजूद थे.
जिले में जमीन सर्वे के नाम पर भारी धांधली हो रही है : बंशी यादव
जिले में जमीन सर्वे के नाम पर भारी धांधली हो रही है : बंशी यादव
