लातेहार ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कार्यालय में बुधवार को विशेष पुनरीक्षण (एसआइआर) एवं जनगणना कार्य को लेकर जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें श्री शाहदेव ने कहा कि राज्यभर में विशेष पुनरीक्षण (एसआइआर) एवं जनगणना का कार्य चल रहा है. झामुमो यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे. उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से आगामी छह जून को लातेहार टाउन हॉल में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय के आगमन पर बीएलए, पंचायत पदाधिकारियों एवं बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है. प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा नाम कटने से बचाने संबंधी जानकारी दी जायेगी. झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि छह जून को आयोजित बैठक में सभी बीएलए, पंचायत अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं सचिव की उपस्थिति अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जायेगी तथा आगामी रणनीति पर चर्चा होगी. मौके पर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार यादव, रंजीत उरांव, राजेंद्र भगत, अंकित तिवारी, मनोज चौधरी, सरफराज आलम, बीनू राम, संदीप गंझू, बबलू राही, सौरभ श्रीवास्तव, संजय यादव, शंकर टाना भगत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
झामुमो की बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य को लेकर बनी रणनीति
झामुमो की बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य को लेकर बनी रणनीति
