बेतला (लातेहार). उपायुक्त लातेहार के आदेश और झारखंड पेसा नियमावली 2015 के तहत शुक्रवार को बरवाडीह प्रखंड के केचकी पंचायत के सरईडीह गांव में पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई. इस ग्राम सभा की अध्यक्षता ग्राम प्रधान रामनाथ साहू ने की.
सहायक-सचिव पद के लिए चार नाम हुए प्रस्तावित
ग्राम सभा का मुख्य एजेंडा ग्राम प्रधान के सचिव और सह-सचिव पद के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन करना था. इस पद के लिए कुल चार नाम प्रस्तावित किए गए, जिनमें सतीश कुमार, आकाश कुमार पासवान, सरिता देवी और विशाल कुमार सिंह शामिल थे. लोकतांत्रिक प्रक्रिया के दौरान विशाल कुमार सिंह ने स्वेच्छा से अपना नाम वापस ले लिया.
वोटिंग प्रक्रिया से हुआ चयन
गहन विचार-विमर्श और वोटिंग प्रक्रिया से हुआ चयन मैदान में तीन उम्मीदवार रहने के कारण वोटिंग की प्रक्रिया शुरू की गयी. वोटिंग प्रक्रिया के दौरान गहन विचार-विमर्श किया गया. अंत में बहुमत के आधार पर आकाश कुमार पासवान को सर्वसम्मति से ग्राम प्रधान का ग्राम सहायक सचिव नियुक्त किया गया. मौके पर मुखिया बुधेश्वर सिंह, अवधेश राम, जवाहर सिंह, अनिल कुमार गुप्ता, मुकेश कुमार, नरेंद्र और मनोज सिंह सहित कई लोग मौजूद थे.
क्या है ग्राम सहायक सचिव का पद
पेसा नियमावली के तहत ग्राम सहायक सचिव ग्राम सभा द्वारा अपने ही सदस्यों के बीच से चुना जाने वाला एक प्रशासनिक पद है. इसे मुख्य रूप से ग्राम सभा की बैठकों, दस्तावेजीकरण और पारंपरिक ग्राम प्रधान को सहयोग देने के लिए नियुक्त किया जाता है. यह सचिव गांव के पारंपरिक ग्राम प्रधान को विभिन्न प्रशासनिक और आधिकारिक कार्यों में मदद प्रदान करता है.
मुख्य जिम्मेदारियां और कार्य
इस पद पर नियुक्त व्यक्ति की मुख्य जिम्मेदारी ग्राम सभा में लिए गये निर्णयों का रिकॉर्ड रखना, प्रस्तावों को दर्ज करना और फाइलों का रखरखाव करना होता है. इसके साथ ही ग्राम सभा की बैठकें बुलाने, ग्रामीणों को समय पर सूचित करने और बैठक की कार्यसूची तैयार करने में सहयोग करना इनका प्रमुख कार्य है.
