चंदवा. ओडिसा एलॉय स्टील प्राइवेट लिमिटेड (ओएएसपीएल) कंपनी को आवंटित चितरपुर कोल परियोजना क्षेत्र के चकला पंचायत स्थित बरवाटोली और भुकू टोला में रविवार को ड्रोन उड़ाये जाने को लेकर विवाद हो गया. ग्रामीणों ने ग्रामसभा की अनुमति के बिना ड्रोन उड़ाकर सर्वे कराने का आरोप लगाते हुए कंपनी प्रबंधन का विरोध किया.
विरोध जताने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण प्लांट के दोनों प्रवेश द्वार के पास पहुंचे. ग्रामीणों का आरोप है कि अभिजीत प्लांट को टेकओवर करने वाली कंपनी ओएएसपीएल द्वारा प्लांट परिसर के भीतर से ड्रोन उड़ाकर सर्वे का काम कराया जा रहा था. ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में ग्रामसभा से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गयी थी. विरोध के दौरान प्लांट के दोनों गेट के पास महिला-पुरुषों की भीड़ जुट गयी.
कंपनी अधिकारियों ने ग्रामीणों से की बातचीत
मामले की जानकारी मिलने पर कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट पीसी जोशी, महाप्रबंधक अनुज मुखर्जी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की. कंपनी अधिकारियों ने ग्रामीणों द्वारा लगाये गये ड्रोन उड़ाने के आरोप को गलत बताया. अधिकारियों ने कहा कि कंपनी की ओर से ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गयी है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना किसी तरह के सर्वे या ड्रोन सर्वे को मान्यता दी जाती है, तो ग्रामसभा इसका विरोध करेगी.
