नावा बाजार, पलामू: प्रखंड के तुकबेरा पंचायत क्षेत्र स्थित स्तनोरत उच्च विद्यालय में जीपीडीपी के तहत मुखिया विनोद विश्वकर्मा की अध्यक्षता में बाल सभा का आयोजन किया गया. बाल सभा में सैकड़ों बच्चों ने मुखिया के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं.
बच्चों की जरूरतों को विकास योजना में शामिल करने पर जोर
तुकबेरा ग्राम पंचायत को जीपीडीपी के अनुसार बाल-अनुकूल बनाने और बच्चों की आवश्यकताओं को पंचायत की मुख्य विकास योजना में शामिल करने के उद्देश्य से विशेष बाल सभा का आयोजन किया गया था. इसमें विद्यालय के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया.
शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के मुद्दे उठे
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गयी. बच्चों ने खुलकर अपने विचार रखे और विद्यालय व पंचायत स्तर पर बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की.
वार्षिक बजट में शामिल होंगे महत्वपूर्ण सुझाव
मौके पर पंचायत सचिव पंकज कुमार ने बच्चों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बाल सभा से प्राप्त सभी महत्वपूर्ण सुझावों और मांगों को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के वार्षिक बजट में प्राथमिकता के साथ शामिल किया जायेगा.
मुखिया विनोद विश्वकर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं. उनके संपूर्ण विकास के बिना एक आदर्श पंचायत की कल्पना नहीं की जा सकती. बच्चों द्वारा उठायी गयी हर समस्या का समाधान करना पंचायत की प्राथमिकता है.
