महुआडांड़ (लातेहार). नेतरहाट थाना क्षेत्र के जामटोली गांव में शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान 38 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति शंकर बड़ाइक को गिरफ्तार कर लिया है.
होटल से काम कर घर लौटी थी महिला
ग्रामीणों के अनुसार, शंकर बड़ाइक शराब का अत्यधिक सेवन करता था. इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. घटना के दिन किरण देवी स्थानीय होटल में काम करने के बाद शाम को घर लौटी थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने पर शंकर ने डंडे से किरण की बेरहमी से पिटाई कर दी. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गयी.
रातभर घायल पड़ी रही
घायल किरण रातभर घर में ही पड़ी रही. समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस घटना के कारणों और पूरे मामले की जांच कर रही है.
