जनगणना कार्य में तेजी लाने को लेकर प्रगणकों की बैठक
जनगणना कार्य में तेजी लाने को लेकर प्रगणकों की बैठक
चंदवा़ प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में बुधवार को जनगणना के सफल व सही समय में निष्पादन को लेकर प्रगणकों की बैठक हुई. प्रथम बैच के एलबीएच संख्या-एक से 104 तक के प्रगणकों ने इसमें हिस्सा लिया. इसकी अध्यक्षता बीडीओ चंदन प्रसाद ने की. उन्होंने कहा कि 16 मई से 14 जून तक चल रहे जनगणना कार्यक्रम के तहत प्रत्येक घर का भौतिक सत्यापन कर सही व सटीक जानकारी संकलित करना सुनिश्चित करना है. प्रगणकों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरते. निर्धारित सभी प्रपत्र व सूचनाओं को सावधानीपूर्वक तथा त्रुटिरहित तरीके से भरा जाये. प्रगणकों से अंतिम तिथि का इंतजार किये बगैर कार्य में तेजी लाने की अपील की. छह जून से पूर्व ही मैपिंग कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने का प्रयास करने की बात कही. बैठक में जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. प्रगणकों ने भी अपनी समस्या व सवाल अधिकारी के समीप रखे. मौके पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मोनू कुमार पंडित, चंदन कुमार समेत काफी संख्या में प्रगणक मौजूद थे. न्यायालय के आदेश पर इस्तेहार चिपकाया
लातेहार. महिला थाना कांड संख्या 02/2026 में दर्ज आरोपी के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इस्तेहार चिपकाया है. दर्ज मामले में शहर के करकट मुहल्ला निवासी रोहित सोनी उर्फ रोहन कुमार सोनी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप है. जानकारी के अनुसार न्यायालय द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, लेकिन गिरफ्तारी के भय से वह लंबे समय से फरार चल रहा है. इसके बाद न्यायालय ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत उद्घोषणा जारी करते हुए अभियुक्त को 25 जून 2026 को न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है. न्यायालय के आदेश के आलोक में महिला थाना प्रभारी दीपाली महली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करकट पहुंचकर डुगडुगी बजाकर परिजनों के समक्ष उद्घोषणा की. इस दौरान हवलदार विनोद कुमार सिंह, प्रमिला देवी, सुशीला कुमारी एवं सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे.