लातेहार: प्रखंड में संचालित स्तरोन्नत उच्च विद्यालय फुलसू परिसर में बुधवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन को लेकर बैठक की गयी. इसकी अध्यक्षता पर्यवेक्षक जयप्रकाश कुमार ने की. उन्होंने उपस्थित अभिभावकों को चुनाव संबंधी पूरी जानकारी दी. इसके बाद सर्वसम्मति से 25 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया.
समिति के सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया के तहत सुलेखा देवी को अध्यक्ष और मुखलाल साव को उपाध्यक्ष चुना. चयन के बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव जयप्रकाश कुमार ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का स्वागत किया. श्री कुमार ने कहा कि विद्यालय के समुचित संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार व बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय प्रबंधन समिति मिलकर कार्य करेगी.
नयी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने कहा कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण व बेहतर पठन-पाठन ही समिति की प्राथमिकता होगी. ग्रामीणों, अभिभावकों व शिक्षकों के सहयोग से विद्यालय के विकास का कार्य किया जायेगा.
मौके पर प्रकाश कुमार के अलावा जेएमएम प्रखंड उपाध्यक्ष लाल आशीष नाथ शाहदेव समेत कई अभिभावक, शिक्षक व ग्रामीण मौजूद थे.
