महुआडांड़़ प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गाबाड़ी पूजा पंडाल समेत ग्रामीण इलाकों में दुर्गा पूजा को लेकर पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है. नवरात्र के प्रथम दिन से ही रामायण पाठ के साथ सुबह व संध्या महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं. स्थानीय दुर्गाबाड़ी परिसर में संध्या महाआरती के बाद गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया़ जिससे महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह देखा गया. रविवार की संध्या महाआरती के बाद हिंदू महासभा के नेतृत्व में श्रद्धालु दुर्गाबाड़ी मंदिर परिसर से बस स्टैंड स्थित बेल वृक्ष के पास पहुंचे, जहां ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजा करायी. महासप्तमी के दिन पूजा पंडालों में अष्टभुजी मां दुर्गा की प्रतिमा का पट खोला गया. महाअष्टमी पर मंगलवार सुबह से ही पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ी. महाअष्टमी पर कई पूजा पंडालों में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया. ब्राह्मणों ने वैदिक रीति से पूजन और संधि दीपदान संपन्न कराये. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के जवान विभिन्न पूजा पंडालों और चौक-चौराहों पर तैनात रहे. इस दौरान मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने भी कई पूजा पंडालों का भ्रमण कर माता का आशीर्वाद लिया. उन्होंने लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की़
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
