महुआडांड़,लातेहार : नेतरहाट थाना क्षेत्र के जोकिपोखर गांव के समीप रविवार देर शाम सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान सिरसी गांव निवासी राजमोहन किसान (पिता सोमा किसान) के रूप में हुई है. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को मुआवजा एवं आवश्यक सहायता की मांग को लेकर करीब 11 बजे रांची-महुआडांड़ मुख्य मार्ग जाम कर दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत
जानकारी के अनुसार, राजमोहन किसान रविवार शाम किसी काम से जा रहे थे. इसी दौरान जोकिपोखर के समीप एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए गुमला ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी.
आश्वासन के बाद हटाया जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर नेतरहाट थाना प्रभारी राजन अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता कर जाम हटाने का प्रयास किया. ग्रामीण मुआवजे और आवश्यक सहायता की मांग पर अड़े रहे. थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद करीब छह घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटा दिया. इसके बाद मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य हुआ.
