जर्जर स्कूल भवन में हादसे के बाद ग्रामीणों की पहल, गांव के बीच नया विद्यालय बनाने की मांग

लाधुप के दुधीमाटी गांव का उत्क्रमित मध्य विद्यालय जर्जर हो चुका है. छत गिरने से बच्चों के घायल होने के बाद, अब उन्हें धुमकुड़िया में पढ़ाया जा रहा है. ग्रामीण गांव के बीच नया स्कूल भवन बनाने की मांग कर रहे हैं.

चंदवा. लाधुप पंचायत के दुधीमाटी गांव में मंगलवार को ग्राम प्रधान चंदू पाहन की अध्यक्षता में ग्रामसभा की बैठक हुई. बैठक में जर्जर उत्क्रमित मध्य विद्यालय के स्थान पर गांव के बीच नया विद्यालय भवन बनाने की मांग को लेकर उपायुक्त को आवेदन देने पर सहमति बनी. इसके बाद दर्जनों ग्रामीण लातेहार पहुंचे और उपायुक्त कार्यालय में आवेदन देकर जल्द नया विद्यालय भवन बनाने की मांग की.

जर्जर भवन में हादसे के बाद धुमकुड़िया में चल रही पढाई

ग्रामीणों ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय गांव से कुछ दूरी पर किनारे स्थित है और यहां कक्षा आठ तक पढाई होती है. विद्यालय भवन जर्जर हो चुका है. करीब दो माह पूर्व छत का प्लास्टर गिरने से तीन बच्चे घायल हो गये थे. इसके बाद से विद्यालय का संचालन धुमकुड़िया भवन में किया जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार यहां पेयजल, रसोईघर और शौचालय समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी है.

गांव के बीच जीएम भूमि चिह्नित

ग्रामीणों का कहना है कि पुराना विद्यालय भवन एकांत स्थान पर और जंगली क्षेत्र के पास होने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है. हाथियों के हमले का भी डर रहता है. ग्रामसभा ने गांव के बीच विद्यालय भवन के निर्माण के लिए जीएम भूमि चिह्नित की है. ग्रामीणों ने प्रशासन से चिह्नित भूमि पर जल्द नया भवन बनाने की मांग की है.

बैठक में ग्रामसभा अध्यक्ष मोहन गंझू, सचिव लक्ष्मण गंझू, फूलचंद गंझू, प्रमोद गंझू, श्याम सुंदर गंझू, महेश गंझू, आखों देवी, जय कुमार गंझू, फुलदेव गंझू, राजेश गंझू, उमेश गंझू समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sumit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >