बालूमाथ. वन विभाग की सतर्कता से अवैध बीड़ी पत्ता तस्करी के मामले का खुलासा हुआ है. विभाग की टीम ने करीब 100 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता लदा ट्रक (जेएच15एक्यू-2783) जब्त किया है. जब्त बीड़ी पत्ता की बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बतायी गयी है.
वन विभाग को ट्रक से अवैध रूप से बीड़ी पत्ता तस्करी किये जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद वन विभाग के कर्मियों ने कार्यालय के समीप ट्रक को रोकने का प्रयास किया. लेकिन चालक ट्रक को तेज रफ्तार से भगाने लगा. वनपाल आनंद चौधरी ने तत्काल बारियातू थाना को इसकी सूचना दी.
बैरिकेडिंग देख ट्रक छोड़कर भागा चालक
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बालूमाथ-बारियातू मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी. सड़क पर बैरिकेडिंग देखकर चालक ने ट्रक रोक दिया और मौके से फरार हो गया. इसके बाद वन विभाग के कर्मियों ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्यालय परिसर में खड़ा कराया.
वन क्षेत्र पदाधिकारी नंदकुमार मेहता मामले की जांच कर रहे हैं. विभाग की टीम तस्करी में शामिल लोगों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है. मामले में विभाग की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
