26 दिन की ट्रेनिंग के बाद युवाओं को मिला लर्निंग लाइसेंस, एसएसबी ने रोजगार से जुड़ने के लिए किया प्रेरित

एसएसबी ने 26 दिवसीय मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण का समापन किया. युवाओं को लर्निंग लाइसेंस के साथ रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया. नशे से दूर रहने का भी संदेश दिया गया.

लातेहार. जिला मुख्यालय स्थित एसएसबी 32 बटालियन शिविर में सोमवार को 26 दिवसीय मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ. इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र के साथ लर्निंग लाइसेंस भी प्रदान किया गया. कार्यक्रम में एसएसबी अधिकारियों ने युवाओं को प्रशिक्षण का लाभ उठाकर रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया.

रोजगार से जुड़ने में मदद करेगा प्रशिक्षण

मौके पर कमांडेंट राजेश सिंह ने कहा कि एसएसबी नक्सल प्रभावित और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए लगातार नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित कर रही है. इसके तहत रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, कौशल विकास, उन्नत कृषि तकनीकों का प्रचार, महिला सशक्तीकरण, बौद्धिक विकास तथा मानव और पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किये जाते हैं.

उन्होंने कहा कि मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा स्वरोजगार के साथ सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं में रोजगार प्राप्त कर सकते हैं. युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.

नशे से दूर रहने की अपील

कमांडेंट ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की. उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्त भारत अभियान, भारत के वीर, एक भारत श्रेष्ठ भारत, सुकन्या समृद्धि योजना और पौधरोपण अभियान जैसी सरकारी योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान, स्वरोजगार और कौशल विकास के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रहेंगे.

कार्यक्रम से पूर्व एसएसबी अधिकारियों ने मुखिया रामदयाल उरांव, वार्ड पार्षद पप्पू सरदार और विमला देवी का स्वागत किया. संचालन उप कमांडेंट हिमांशु राठौर ने किया. मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी विनय ओझा, राहुल त्यागी, प्रशिक्षणार्थी और एसएसबी के जवान मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >