लातेहार: बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के गणेशपुर-टंडवा मुख्य पथ पर बाघौता गांव के समीप शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक बच्चे और दो लोगों की मौत हो गयी. वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. मृतकों में महाबीर गंझू (32, पिता जोधन गंझू), पंकज उरांव (30, पिता हीरा उरांव) और अनुज उरांव (07, पिता रूपलाल उरांव) शामिल हैं.
आषाढ़ी पूजा में शामिल होने आये थे : मिली जानकारी के अनुसार टंडवा (चतरा) स्थित सिमराटांड़ भड़गांव के संजय उरांव (पिता अर्जुन उरांव), पंकज उरांव (पिता हीरा उरांव) और अनुज उरांव (पिता रूपलाल उरांव) एक ही बाइक पर सवार होकर सावासार गांव स्थित अपनी बहन के घर आषाढ़ी पूजा में शामिल होने आये थे.
शनिवार को ये लोग वापस अपने घर लौट रहे थे. दूसरी ओर, सविता देवी (पति चमन गंझू, निवासी बगलता, टंडवा), उसकी छोटी सगी बहन फूलमती कुमारी (13,, पिता धनेश्वर गंझू, निवासी गोलीटांड़, बालूमाथ) और महाबीर गंझू (पिता जोधन गंझू, निवासी निरी, बगलता-टंडवा) एक अन्य बाइक पर सवार होकर गोलीटांड़ स्थित धनेश्वर गंझू के घर आ रहे थे.
इसी क्रम में बाघौता गांव के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी. इस टक्कर में महाबीर गंझू व पंकज उरांव की मौके पर ही मौत हो गयी.
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर : घटना की सूचना मिलते ही अमरवाडीह पुलिस पिकेट प्रभारी अनुभव सिन्हा तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने एंबुलेंस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां मौजूद डॉ अलीशा टोप्पो ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स (रांची) रेफर कर दिया.
रिम्स लाने के क्रम में अनुज उरांव की रास्ते में मौत हो गयी. इस घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया है.
