बारियातू, लातेहार: थाना क्षेत्र के अमरवाडीह पंचायत के मनातू गांव स्थित टीईपीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्लांट परिसर में बड़े पैमाने पर बालू भंडारण के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है. प्रभात खबर में मामला प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया. माइनिंग इंस्पेक्टर देवानंद शर्मा, थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान टीईपीएल कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचे और मामले की जांच की.
प्लांट परिसर से बालू किया गया जब्त
जांच के दौरान प्लांट परिसर में भंडारित बालू को जब्त कर लिया गया. बताया गया कि करीब पांच हजार टन बालू का भंडारण किया गया था. टीम ने बालू के भंडारण से संबंधित जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
नदी से बालू उठाव का भी लगा था आरोप
प्लांट परिसर में बालू का पहाड़नुमा ढेर होने और आसपास की नदियों से मशीन लगाकर बालू उठाव किए जाने का मामला प्रभात खबर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था. ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि बड़े पैमाने पर नदी से बालू उठाकर प्लांट परिसर में जमा किया गया है.
ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की. ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त, खनन विभाग, अंचल प्रशासन और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की थी.
बालू के स्रोत और अनुमति की जांच की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से भंडारित बालू के स्रोत, नदी से उठाव की मात्रा और बालू भंडारण की अनुमति की जांच कराने की मांग की है. साथ ही जब्त बालू की मापी कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गयी है.
