लातेहार: झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ के आह्वान पर सोमवार, 10 अगस्त को रांची स्थित विधानसभा के समक्ष धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. कार्यक्रम को लेकर महासंघ की लातेहार जिला कमेटी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिला कमेटी ने सभी प्रखंड व पंचायत कमेटियों को इसके लिए जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया है. अधिक से अधिक समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की गयी है.
महासंघ के जिलाध्यक्ष भुवनेश्वर प्रजापति ने बताया कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य झारखंड मिट्टी कला बोर्ड के पुनर्गठन की मांग को मजबूती से उठाना है. बताया कि मिट्टी कला बोर्ड के गठन से प्रजापति कुम्हार समाज को एक अलग पहचान व विकास का अवसर मिला था, पर वर्तमान में बोर्ड की कमेटी स्थगित है. इसके पुनर्गठन की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है.
कहा कि धरना-प्रदर्शन के दौरान महामहिम राज्यपाल व राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपकर मिट्टी कला बोर्ड के पुनर्गठन की मांग की जायेगी. जिलाध्यक्ष ने सभी प्रखंड व पंचायत स्तरीय कमेटियों से समाज के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर आंदोलन को धारदार व सफल बनाने की अपील की है.
