लातेहार ़ जिला समाहरणालय में डीसी उत्कर्ष गुप्ता तथा एसपी कुमार गौरव की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की बैठक हुई. इसमें उपायुक्त ने अवैध अफीम की खेती की स्थिति की समीक्षा करते हुए सीओ और थाना प्रभारी को संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को मादक पदार्थ की बिक्री, सेवन और तस्करी पर सजग रहने तथा संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में जिले में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और व्यापार रोकने के लिए उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश दिये गये. डीसी ने जिरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करने का निर्देश दिया और सड़क सुरक्षा अभियान के साथ नशामुक्ति अभियान को जोड़ते हुए स्कूल, कॉलेज और ग्राम स्तर पर युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने को कहा. जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को भी जनजागरूकता संबंधी प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिये गये. बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, आइटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, एसडीओ अजय कुमार रजक, पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार मिश्रा समेत अलग-अलग विभाग के कई अधिकारी व अन्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
