हेरहंज/बालूमाथ.
बालूमाथ-हेरहंज-पांकी मुख्य मार्ग पर लावागड़ा गांव के समीप गुरुवार की सुबह हाइवा और मालवाहक मैजिक वाहन में आमने-सामने की टक्कर हो गयी. इस दुर्घटना में मैजिक चालक आतिश यादव (रोहतास, बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, आतिश सिंटेक्स टंकी लदे मैजिक वाहन को लेकर बालूमाथ से डालटनगंज की ओर जा रहा था. इसी दौरान तुबेद कोलियरी से कोयला लेकर आ रहे हाइवा से उसकी सीधी भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि हाइवा सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया. घटना की सूचना मिलते ही हेरहंज पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाहर निकालकर बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
बाइक से गिरकर महिला घायल, रेफर
बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित टमटमटोला गांव के समीप बाइक से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. जानकारी के अनुसार देवंती देवी पति परमेश्वर गंझू (ग्राम साल्वे, बारियातू) बालूमाथ से बाइक पर बैठकर अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान टमटमटोला के पास सामने से आ रही एक बाइक से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गयी इससे पीछे बैठी देवंती देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. यहां डॉ अलीशा टोप्पो ने उनका प्राथमिक उपचार किया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया.
