बालूमाथ, लातेहार : प्रखंड मुख्यालय स्थित साहू पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की शाम करीब छह बजे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से हाइवा चालक सुदेश यादव (24) की मौत हो गयी. वह खेमन यादव का पुत्र था. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने रांची-चतरा एनएच-22 को थाना चौक के पास जाम कर दिया.
मुआवजे की मांग पर अड़े रहे परिजन
सड़क जाम होने से एनएच पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत की, लेकिन मृतक के परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे.
इसके बाद तुबेद कोलियरी के प्रतिनिधियों ने जाम कर रहे लोगों से बातचीत की. कंपनी की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये दिये गये. इसके अलावा स्थानीय समाजसेवी मो मुज्जमील और बिजली विभाग की ओर से भी 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गयी.
दो घंटे बाद समाप्त हुआ जाम
सहायता राशि मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया. करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण रात 10 बजे तक आवागमन प्रभावित रहा.
