लातेहार: प्रखंड में सीसीएल द्वारा संचालित मगध कोल परियोजना के चेक पोस्ट संख्या-12 को बंद कराने व जर्जर ट्रांसपोर्टिंग सड़क को बनवाने की मांग को लेकर लातेहार जिला हाइवा ऑनर एसोसिएशन की पहल पर बुधवार से 12 नंबर बैरियर (चेक पोस्ट) के समीप अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गयी.
एसोसिएशन के सचिव मो. शहनवाज ने बताया कि चेक पोस्ट संख्या-12 आरएफआईडी बैरियर में वाहन नंबर स्कैन होने में घंटों समय लग जाता है. इस कारण यहां वाहनों की लंबी कतार लगती है. जाम के कारण ट्रिप प्रभावित हो गया है. पहले एक हाइवा दिन भर में कोयला लोड कर चार बार साइडिंग पहुंचता था, अब महज दो बार ही पहुंच रहा है. इससे हाइवा मालिकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा होता जा रहा है. हाइवा मालिकों व ट्रांसपोर्टरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
इसके अलावा कोयला परिवहन मार्ग पूरी तरह जर्जर हो गया है. इससे परेशानी हो रही है. लोगों ने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
एसोसिएशन द्वारा आंदोलन की सूचना के बाद मगध परियोजना के पीओ सुधीर कुमार सिन्हा, सीसीएल पदाधिकारी चंदन चटराज, प्रोजेक्ट सिविल इंजीनियर मो. अदनान वार्ता के लिए पहुंचे. वार्ता के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं निकल पाया. एसोसिएशन का आंदोलन जारी है.
आंदोलन के बाद से मगध कोलियरी में ट्रांसपोर्टिंग कार्य ठप हो गया है. इससे सरकार को राजस्व की बड़ी क्षति होने की संभावना है. मौके पर मो. मुजम्मिल, चेतलाल रामदास, देवपाल प्रसाद, सुबोध कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.
