सुमित कुमार की रिपोर्ट लातेहार,चंदवा : सोमवार की रात से हो रही भारी बारिश के बाद नदियां उफान पर है. देवनद में बाढ़ की स्थिति है. नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. नदी के साथ-साथ तालाब, पोखर और खेत भी पानी से पूरी तरह भर गए है. बारिश के बाद किसानों के चेहरे पर मुस्कान दिख रही है. जिस खेत में एक सप्ताह पूर्व पानी की कमी के कारण दरार दिख रहे थे, अब वह लबालब है.
बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित
दुसरी ओर लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है. निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है. मंगलवार की सुबह जनजीवन प्रभावित रहा. सड़क पर अन्य दिनों की अपेक्षा लोग कम दिखे. ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. हालांकि, तालाब और पोखरों के भर जाने से भूजल स्तर में सुधार की उम्मीद भी बढ़ी है.
ये भी पढ़ें: बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कुड़ू मस्जिद चौक सड़क पर गड्डा बना जानलेवा
प्रशासन की स्थिति पर नजर
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने और आवश्यक राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
