बालूमाथ़ थाना क्षेत्र के भगिया गांव स्थित हरिजन टोला अंतर्गत जंगली क्षेत्र में स्थानीय चरवाहों ने मंगलवार की सुबह पेड़ से लटकता एक युवती का शव देखा. चरवाहे पशु चराने जंगल की ओर गये थे. शव की सूचना उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों को दी. ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. शव की पहचान सोनी कुमारी (20 वर्ष) पिता सत्येंद्र राम (ग्राम भगिया) के रूप में की गयी. सूचना के बाद एसआइ अमित कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे. शव को कब्जे में कर अंत्यपरीक्षण के लिए लातेहार भेज दिया. जानकारी के अनुसार सोनी मंगलवार की सुबह घर में बगैर किसी को कुछ बताये बाहर निकली थी. भगिया गांव के हरिजन टोला स्थित जंगल में उसका शव एक पेड़ में लटका हुआ मिला. शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है. परिजनों ने बताया कि सोनी का घर में किसी के साथ कोई विवाद नहीं हुआ था. उसकी हत्या की गयी है. हत्या के बाद उसे आत्महत्या का रंग देने की कोशिश की जा रही है. इस संबंध में थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने कहा कि शव बरामद कर लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले पर स्पष्ट कुछ कहा जा सकता है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
