फुलबसिया रेलवे स्टेशन में मालगाड़ी की पांच बोगी बेपटरी, हादसा टला

फुलबसिया रेलवे स्टेशन में मालगाड़ी की पांच बोगी बेपटरी, हादसा टला

बारियातू़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सीसीएल क्षेत्र फुलबसिया रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार को एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गयी. यहां कोयला लदान के दौरान एक मालगाड़ी की पांच बोगियां पटरी से उतर गयीं. घटना के वक्त हुए जोरदार आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. इस हादसे में ट्रेन के एक गार्ड घायल हो गये हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है. इंजन की टक्कर से हुआ हादसा : प्रत्यक्षदर्शी रेल कर्मियों के अनुसार, कोल साइडिंग में मालगाड़ी में कोयला लोड किया जा रहा था. इसी दौरान इंजन जोड़ने के क्रम में जोरदार झटका लगा और पांच बोगियां बेपटरी हो गयीं. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची. क्रेन की मदद से बोगियों को दोबारा पटरी पर लाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए कोयला ढुलाई का कार्य पूरी तरह ठप रहा. सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल : स्टेशन मास्टर रोहित कुमार ने बताया कि इंजन के धक्के के कारण यह हादसा हुआ है, जिसे अब दुरुस्त कर लिया गया है. गौरतलब है कि एक माह पूर्व बालूमाथ के कुसमाही साइडिंग में भी ऐसी ही घटना हुई थी. बार-बार हो रहे इन हादसों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिये हैं. स्थानीय ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से साइडिंग लाइन की नियमित जांच और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >