चंदवा़ स्थनीय सुभाष चौक के समीप श्री शनि-हनुमान व बाबा विश्वनाथ मंदिर परिसर में चल रहे आठ दिनी रासलीला कार्यक्रम का समापन रविवार की रात हुआ. कार्यक्रम में वृंदावन धाम की प्रसिद्ध श्री नंदिनी रामेश्वरी रासलीला मंडली ने महा रासलीला का मंचन कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया. स्वामी हरिद्वारी, राकेश शर्मा व्यास व कान्हा शर्मा की टीम ने जीवंत अभिनय व मनमोहक प्रस्तुति से भगवान श्रीकृष्ण की महा रासलीला को सजीव कर दिया. हर दिन लोग इस कार्यक्रम में उमड़ रहे थे. आयोजन स्थल पर भक्ति, संगीत व संस्कृति का मेल दिखा. कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष लाल प्रदीप नाथ शाहदेव, राजेश चंद्र पांडेय, निर्मल भारती, अजय वैद्य, सुधीर प्रसाद, श्यामकरण साहू, दिलीप पाठक, प्रमोद गिरि, नीरज अग्रवाल, धर्मेंद्र भारती, बालजी उरांव समेत काफी संख्या में महिला-पुरूष श्रद्धालु लगे रहें. बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर जतायी चिंता, नो-इंट्री की मांग
बालूमाथ. प्रखंड मुख्यालय के मुरपा मोड़ स्थित कार्यालय में राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन की बैठक प्रखंड अध्यक्ष बबलू गुप्ता की अध्यक्षता में हुई. बैठक में क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं, विशेषकर कोयला लदे हाइवा वाहनों से होने वाली मौतों पर गहरा रोष और चिंता व्यक्त की गयी. वक्ताओं ने कहा कि बालूमाथ, बारियातू और हेरहंज क्षेत्र में अनियंत्रित हाइवा वाहनों के कारण आये दिन लोग जान गंवा रहे हैं. संगठन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस गंभीर समस्या के खिलाफ वृहद आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया. बबलू गुप्ता ने प्रशासन से बालूमाथ क्षेत्र में कम से कम आठ घंटे की नो-इंट्री लागू करने की मांग की. साथ ही सड़क मरम्मत और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया. बैठक में रवि रजक, मनोज यादव, निजामुद्दीन कुरैशी, राजेंद्र चावल, अर्जुन साहू, कृष्णा साहू, सुधा कुमारी और मुन्नी देवी सहित कई सदस्य मौजूद थे.
