लातेहार ़ शहर के एक होटल में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल युवा कमेटी के तत्वावधान में युवा संवाद चौपाल यात्रा का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपक यादव ने की. इससे पहले स्थानीय राजद नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र व गुलदस्ता देकर स्वागत किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने कहा कि युवा संवाद चौपाल केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को एक मंच पर लाकर उनके विचारों, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को निखारने का माध्यम है. युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र का संपूर्ण विकास संभव है. उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह युवाओं की समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही है. नीट परीक्षा पेपर लीक जैसी गंभीर घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे देश की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है. संवाद व समरसता का माध्यम है चौपाल : प्रदेश सचिव रंजीत यादव ने कहा कि यह चौपाल युवाओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने युवाओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया. चौपाल में संगठन विस्तार और युवाओं की राजनीतिक भागीदारी पर विशेष चर्चा की गयी. मौके पर प्रदेश महासचिव सूरज देव यादव, कमलेश यादव, मजदूर प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मनोज कुमार यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश राम, प्रदेश उपाध्यक्ष क्षितिप मिश्रा, मोहर सिंह यादव, भोला सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.
युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र का संपूर्ण विकास संभव : रंजन
युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र का संपूर्ण विकास संभव : रंजन
