लातेहार ़ सामाजिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या की सीबीआइ जांच कराने तथा नगड़ी के रैयतों की जमीन को रिम्स टू के नाम पर छीने जाने के विरोध में भाजपा ने जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता प्रेम सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में राज्य की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है. विधि-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और अपराधी, माफिया, दलाल तथा बिचौलियों ने सरकारी तंत्र पर कब्जा जमा लिया है. श्री सिंह ने कहा कि सूर्या हांसदा पर कोई वारंट नहीं था और वे 14 मुकदमों में बरी हो चुके थे. पांच मामलों में उन्हें जमानत भी मिल चुकी थी. इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें घर से उठाकर गोली मार दी और फर्जी एनकाउंटर करार दे दिया. उन्होंने कहा कि इस हत्या की जांच सीबीआइ से करायी जानी चाहिए. राज्य में हर माह सैकड़ों हत्या, लूट, बलात्कार, डकैती जैसी घटनाएं हो रही हैं : भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि सरकारी आंकड़े बता रहे हैं कि राज्य में हर माह सैकड़ों हत्या, लूट, बलात्कार, डकैती जैसी घटनाएं हो रही हैं. अधिवक्ता सह भाजपा नेता राजीव रंजन पांडेय ने कहा कि नगड़ी में खेतीहर जमीन को रिम्स टू के नाम पर किसानों से छीना जा रहा है. यह किसानों को उजाड़ने की साजिश है. उन्होंने कहा कि पूर्व में भी बिहार सरकार ने इस जमीन को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय को देने का प्रयास किया था, लेकिन भारी विरोध के कारण निर्णय बदलना पड़ा था. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद प्रसाद ने की. वहीं, निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामणी तिर्की, ओबीसी जिला अध्यक्ष गोविंद प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि अनिल सिंह, राजन तिवारी समेत कई नेताओं ने सभा को संबोधित किया. राज्यपाल के नाम मांग पत्र सौंपा : विरोध प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित एक मांग पत्र उपायुक्त के माध्यम से सौंपा गया. मौके पर पवन कुमार, आनंद सिंह, गौरव दास, दीपक प्रसाद, अमर विश्वकर्मा, जितेंद्र कुमार गुप्ता, ब्रजेश सिंह, हरिओम प्रसाद, संजय कुमार सिंह, शिवशंकर सिंह, शीला देवी, राजकुमार प्रसाद, मनोज कुमार, वंशी यादव, उत्तम कुमार, विवेक चंद्रवंशी समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
