हेरहंज, लातेहार : बालूमाथ-हेरहंज-पांकी पथ पलामू और लातेहार जिले को जोड़ता है. दोनों जिलों की सीमा पर कारीमाटी गांव के समीप मुख्य सड़क की स्थिति बेहद जर्जर हो गयी है. इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियां, बसें और मालवाहक वाहन गुजरते हैं. सड़क के बीच बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी हो रही है.
बारिश में और बिगड़ी सड़क की हालत
कारीमाटी के समीप जर्जर हिस्से में डस्ट डालकर सड़क को चलने योग्य बनाया गया था. अब बारिश के बाद डस्ट और मिट्टी का तेजी से कटाव हो रहा है. इससे सड़क पर फिसलन बढ़ गयी है और मार्ग बेहद संकरा व खतरनाक हो गया है. सड़क किनारे की मिट्टी भी धंस रही है.
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि विभाग द्वारा जर्जर हिस्से की मरम्मत नहीं करायी जा रही है. सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कभी भी मालवाहक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है. लातेहार और पलामू को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की अनदेखी से लोगों और वाहन चालकों में नाराजगी है.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से जर्जर सड़क की अविलंब मरम्मत कराने तथा धंस रहे किनारों को दुरुस्त करने की मांग की है.
