लातेहार. लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-टू के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई. इसमें जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजनाओं के कार्यों की गहन समीक्षा की गयी. इस दौरान उपायुक्त ने बरवाडीह और नेतरहाट में ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
सभी विद्यालयों,आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों का सर्वे कराने का निर्देश
साथ ही जिले के सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों का सर्वे कराने का भी निर्देश दिया, ताकि वहां पेयजल की उपलब्धता और उसकी कार्यशीलता की वास्तविक स्थिति का पता चल सके. जिन संस्थानों में पेयजल की सुविधा नहीं है या जो कार्यशील नहीं हैं, वहां तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये. बैठक में हर घर नल से जल के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से हासिल करने, निर्माणाधीन योजनाओं को पूरा करने, पूर्ण हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन व रख-रखाव तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति पर विशेष जोर दिया गया. बैठक में कार्यपालक अभियंता दीपक कुमार महतो, सविता कुमारी, नेहा निश्चल, डीइओ गौतम कुमार साहू समेत कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: बेतला नेशनल पार्क में धूमधाम से मनाया गया विश्व हाथी दिवस, बच्चों और ग्रामीणों ने लिया हिस्सा
