बेतला से संतोष कुमार की रिपोर्ट
बेतला. बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण शुक्रवार को लातेहार जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने किया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल गई और कई गंभीर और संवेदनशील अनियमितताएं सामने आईं.
नवजात शिशु बाल्टी में गिरा
खुरा गांव निवासी प्रसूता अनिता देवी (पति युगल कुमार) ने अस्पताल प्रबंधन पर बेहद संवेदनहीनता का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि प्रसव के बाद उनका नवजात बच्चा अचानक बेड से नीचे पास में ही रखी बाल्टी में गिर गया. इस घटना से अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं.
पुकारने पर भी नहीं पहुंचे स्वास्थ्यकर्मी
अनिता देवी के अनुसार, बच्चे के बाल्टी में गिरने के बाद उन्होंने मदद के लिए काफी देर तक आवाज लगाई. इसके बावजूद कोई भी नर्स या स्वास्थ्यकर्मी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा. बाद में बच्चे को उठाकर जांच की गई, जिसमें राहत की बात यह रही कि उसे सुरक्षित बताया गया.
भोजन के नाम पर हल्दी वाली खिचड़ी
अस्पताल में मरीजों के खान-पान की व्यवस्था भी बेहद खराब मिली. मरीजों ने शिकायत की कि उन्हें मेन्यू के अनुसार भोजन और नाश्ता नहीं दिया जाता है. पीड़ित प्रसूता अनिता देवी ने बताया कि उन्हें भोजन के नाम पर केवल हल्दी वाली खिचड़ी परोसी जा रही है.
प्रसूति वार्ड से बेडशीट गायब
बुनियादी सुविधाओं के मामले में भी अस्पताल प्रशासन पूरी तरह लापरवाह दिखा. औचक निरीक्षण के दौरान प्रसूती वार्ड के करीब दस बेडों पर बेडशीट (चादर) तक नहीं पाई गई, जिससे मरीजों को भारी असुविधा हो रही थी.
मेडिकल स्टोर में एक्सपायरी दवाएं
दवा वितरण केंद्र की जांच के दौरान कुछ एक्सपायरी (समय सीमा पार) दवाएं भी मिलीं, जिस पर जिला परिषद अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई. जब इस पर डॉ. अमित कुमार सिंह से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने फार्मासिस्ट पर भरोसा है कि वे दवा देखकर ही मरीजों को देते होंगे.
ये भी पढ़ें: लातेहार : सरईडीह में विशेष ग्राम सभा का आयोजन, आकाश कुमार पासवान चुने गए ग्राम सहायक सचिव
कर्मियों को लगाई फटकार
इस गैर-जिम्मेदाराना और असंतोषजनक जवाब पर पूनम देवी ने कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपमा एक्का सहित संबंधित कर्मियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार का निर्देश दिया. साथ ही चेतावनी दी कि इस पूरे मामले से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा. निरीक्षण के समय सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, विनय चंदेल समेत अन्य लोग भी मौजूद थे.
