बारियातू थाना परिसर में जागरूकता बैठक
बारियातू थाना परिसर में जागरूकता बैठक
बारियातू़ लातेहार एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर मंगलवार को थाना परिसर में थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान की अध्यक्षता में जागरूकता बैठक हुई. इसमें पोस्ता (अफीम) की खेती, बाल-विवाह और डायन प्रथा जैसी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई. थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अवैध अफीम की खेती नहीं करने और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का कारोबार युवा पीढ़ी के लिए घातक है, जिसे रोकने में आम जनता का सहयोग जरूरी है. इसके अलावा, उन्होंने डायन प्रथा को दंडनीय अपराध बताते हुए सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया. बैठक में अवैध महुआ शराब के निर्माण पर चिंता जतायी गयी और इसे सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताया गया. इस दौरान आपातकालीन सहायता के लिए सरकार द्वारा जारी डायल-112 सेवा की भी विस्तार से जानकारी दी गयी. ग्रामीणों ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया. मौके पर सांसद प्रतिनिधि मो शमीम, मो तौफीक, तुला गंझू और पुलिसकर्मी मौजूद थे. आयुष्मान आरोग्य मंदिर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित
चंदवा. चेटर पंचायत के लटदाग स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया. सीएचसी प्रभारी डॉ नीलिमा कुमारी के निर्देश पर स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों की जांच कर मुफ्त दवाएं बांटी. आयुष्मान मित्र विकास रंजन ने पात्र लाभुकों के आयुष्मान कार्ड बनाये. स्वास्थ्यकर्मियों ने भीषण गर्मी के बाद माॅनसून के आगमन को देखते हुए लोगों को खानपान, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी. शिविर को सफल बनाने में सीएचओ प्रिया कुमारी, एएनएम सुप्रिया कुमारी, सहिया बीता देवी, जगनी देवी, सोनमती देवी, रीता देवी, सरिता देवी, ग्रेस बारला समेत अन्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभायी.