चंदवा, लातेहार : एनएच-75 पर चंदवा थाना क्षेत्र के ब्रह्मणी गांव के बाजार टांड़ के समीप सोमवार को अपाची बाइक और टीवीएस लूना के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में लूना सवार दशरथ प्रसाद (56) गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि बाइक सवार सुभाष लोहरा को भी चोटें आयी हैं.
टक्कर के बाद सड़क पर गिर पड़े दशरथ
जानकारी के अनुसार, चंदवा की ओर से जा रहा अपाची बाइक विपरीत दिशा में जाकर ब्रह्मणी की ओर से आ रहे टीवीएस लूना से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि लूना सवार दशरथ प्रसाद सड़क पर गिर पड़े. उनके सिर और पैर में गंभीर चोट आयी है.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल दशरथ प्रसाद को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया.
बाइक सवार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी
अपाची बाइक सवार की पहचान छातासेमर-बारी, चंदवा निवासी सुभाष लोहरा के रूप में हुई है. उन्हें भी चोट लगी थी. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छुट्टी दे दी.
