लातेहार से चंद्रप्रकाश सिंह की रिपोर्ट
Latehar News: भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी पलामू प्रमंडल की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लातेहार जिले के गारू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अनुबंध पर पदस्थापित अमीन मुनिदेव सिंह को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया.
जमीन संबंधी कार्य के बदले मांगी थी घूस
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अमीन ने एक व्यक्ति से उसके जमीन से जुड़े काम को आगे बढ़ाने के एवज में 7 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी. पीड़ित व्यक्ति ने घूस देने के बजाय इसकी शिकायत एसीबी पलामू प्रमंडल कार्यालय में लिखित रूप से दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि बिना पैसे दिए काम नहीं किया जा रहा था.
जांच के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की. जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई करने का निर्णय लिया. पूर्व निर्धारित योजना के तहत वादी को निर्देश दिया गया कि वह आरोपी को तय राशि सौंपे. जैसे ही अमीन मुनिदेव सिंह ने वादी से 7 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा.
इसे भी पढ़ें: अपने राजा के लिए व्हील चेयर पर प्रचार कर रहीं रानी, कर रहीं डोर टू डोर जनसंपर्क
कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के दौरान एसीबी टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा. इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. एसीबी की इस सख्त कार्रवाई से आम लोगों में उम्मीद जगी है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: पतरातू में अतिक्रमण हटाओ अभियान पर लगा ब्रेक, विधायक के हस्तक्षेप हफ्ते भर की मोहलत
