लातेहार: स्थानीय पुलिस ने फरार चल रहे एक अभियुक्त को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया है. इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बारियातू थाना कांड संख्या 05/26 का अभियुक्त बिरेन्द्र सिंह, पिता जगरनाथ सिंह, अपने घर पर छिपकर रह रहा है.
सूचना के बाद बालूमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के फुलसू गांव स्थित घर में छापेमारी की और उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी बिरेन्द्र सिंह को बारियातू थाना लाया गया. यहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया.
छापामारी दल में एसआई जितेंद्र कुमार, एसआई अनुप कुमार, एएसआई छोटू पंडा के अलावा अन्य पुलिस जवान मौजूद थे.
