लातेहार. लातेहार पुलिस ने पुणे (महाराष्ट्र) से मानव तस्करी के आरोपी संतोष शिवदास सावंत, पिता बाबूराव शिवदास सावंत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. मानव तस्करी से संबंधित एक पुराने मामले में मुख्य अभियुक्त को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार लातेहार थाना कांड संख्या–308/20, धारा 370/34 व मानव तस्करी के मामले में प्राथमिक अभियुक्त संतोष शिवदास सावंत, पिता बाबूराव शिवदास सावंत, निवासी ग्राम चिंचोली (कोंकणे), थाना घोड़ेगांव, जिला पुणे (महाराष्ट्र) को लातेहार पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापामारी के बाद महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जायेगा. सड़क दुर्घटना में तीन युवक घायल, एक रेफर
लातेहार. शहर के रेलवे स्टेशन रोड में आरइओ ऑफिस के पास हुई सड़क दुर्घटना में तीन युवक घायल हो गये. घटना सोमवार देर शाम की है. घायल युवक में लातेहार मेन रोड निवासी अनूप प्रसाद का पुत्र अंशु कुमार तथा तुपु सिमरिया निवासी विजय सिंह व राकेश सिंह शामिल हैं. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सदर अस्पताल लाया गया. यहां प्राथमिक इलाज के बाद अंशु कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार लातेहार से अंशु कुमार राजहार स्थित अपने घर तथा राकेश सिंह व विजय सिंह स्टेशन की ओर से लातेहार आ रहे थे. इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत हो गयी. जिससे तीनों युवक घायल हो गये. स्टेशन की ओर से आ रहे कांग्रेस नेता पंकज तिवारी व लातेहार विधायक प्रतिनिधि अमरजीत सिंह ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद सभी का इलाज किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
