डीसी ने वन पट्टा आवंटित करने का निर्देश दिया

जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी शिकायतें दो गरीब बच्चियों का नामांकन कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में कराने का निर्देश परियोजना पदाधिकारी पर नि:शक्त छात्रवृत्ति नहीं देने का आरोप फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत की लातेहार : समाहरणालय में आयोजित मंगलवारीय जनता दरबार में उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता ने जिले के विभिन्न प्रखंडों […]

जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी शिकायतें
दो गरीब बच्चियों का नामांकन कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में कराने का निर्देश
परियोजना पदाधिकारी पर नि:शक्त छात्रवृत्ति नहीं देने का आरोप
फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत की
लातेहार : समाहरणालय में आयोजित मंगलवारीय जनता दरबार में उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उसके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये. जनता दरबार में गारू के निरंजन उरांव व सिकंदर उरांव ने वन पट्टा नहीं मिलने की शिकायत की. उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी से बात कर प्रावधानों के अनुसार उन्हें वन पट्टा आवंटित करने का निर्देश दिया.
सदर प्रखंड के नावाडीह की दो गरीब बच्चियां पुनम कुमारी व सोनी कुमार ने उपायुक्त के समक्ष स्कूल में नामांकन कराने की गुहार लगायी. उन्होंने बताया कि वे पढ़ना चाहती हैं, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में नामांकन करा दिया जाये. इस पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक, लातेहार को उक्त दोनों छात्राओं का नामांकन कस्तूरबा विद्यालय में कराने का निर्देश दिया. कोपे गांव की वृद्धा फातिमा बीबी ने राशन, कंबल और पेंशन दिलाने की गुहार लगायी.
बालूमाथ के मनोज कुमार साव ने मुआवजा राशि दिलाने की गुहार लगायी. उसने बताया कि वर्ष 2012 में उग्रवादियों द्वारा उसके पिता की हत्या कर दी गयी थी, अनुकंपा के तहत नौकरी तो मिल गयी, लेकिन मुआवजा नहीं मिला है. उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को तत्काल प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई कर मुआवजा की राशि भुगतान कराने का निर्देश दिया. चंदवा के कामता गांव निवासी आयुष केशरी की मां ने बेटी के इलाज के लिये आर्थिक सहयोग करने की गुहार लगायी. उपायुक्त ने एक सप्ताह में नियमानुसार हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया.
सदर प्रखंड के सद्युल पवरिया ने जमीन सीमांकन कराने की मांग की. शहर के अमवाटीकर मुहल्ला निवासी स्नातक के छात्र कंचन राम ने परियोजना पदाधिकारी पर नि:शक्त छात्रवृत्ति नहीं भेजने का आरोप लगाया. सदर प्रखंड के घुटवा के ग्रामीणों ने आवेदन देकर वर्ष 2015 के फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत करते हुए शीघ्र भुगतान कराने की मांग की. सदर प्रखंड के नरेशगढ़ निवासी रामनरेश सिंह ने ठंड को देखते हुए आदिम जनजाति के लोगों के बीच कंबल वितरण कराने की मांग की.
उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को कंबल वितरण करने का निर्देश दिया. मनिका प्रखंड के बंदुआ निवासी कलावती देवी ने आंगनबाड़ी केंद्र में नियुक्ति होने के बाद प्रमाण पत्र नहीं मिलने की शिकायत की. चंदवा प्रखंड के बुलहू के ग्रामीणों ने पेयजल के लिए चापानल की मांग की. जनता दरबार में जिला शिक्षा पदाधिकारी नीरजा कुजूर व जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाइक आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >