जिला स्टेडियम में सुबह नौ बजे होगा झंडोत्तोलन
लातेहार :उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा कि गणतंत्र दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है और इस अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी आवश्यक है. उपायुक्त श्री गुप्ता गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर सोमवार को समाहरणालय के सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे. गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह छह बजे प्रभात फेरी से की जायेगी. उपायुक्त श्री गुप्ता ने सभी विद्यालयों के प्रधानों को निर्धारित समय पर प्रभात फेरी निकालने का निर्देश दिया. सुबह 8.25 बजे कारगिल पार्क में शहीद स्मारक पर माल्यापर्ण किया जायेगा. मुख्य कार्यक्रम जिला स्टेडियम में सुबह नौ बजे आयोजित किया जायेगा, यहां उपायुक्त झंडोत्तोलन करेंगे.
झंडोत्तोलन के बाद जिला स्टेडियम में झाकियां निकाली जायेगी और विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जायेगा. अपराह्न दो बजे से नागरिक बनाम प्रशासन एकादश फैंसी 20-ट्वेंटी क्रिकेट मैच का आयोजन किया जायेगा. बैठक में उप विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह, जिप अध्यक्ष सुनीता कुमारी व नगर पंचायत अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल के अलावा कई पदाधिकारी शामिल थे.
मार्च पास्ट का पूर्वाभ्यास 20 से
मार्च पास्ट के लिए पूर्वाभ्यास 20 जनवरी से जिला स्टेडियम में किया जायेगा. पूर्वाभ्यास 23 जनवरी तक चलेगा. संबंधित विद्यालय,एनसीसी, स्काउट एंड गाइड एवं पुलिस के जवानों को निर्धारित समय पर भाग लेने का निर्देश दिया गया.
सांस्कृतिक कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास 16 से
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास 16, 18 एवं 21 जनवरी को बालिका उच्च विद्यालय के सभागार में आयोजित किया जायेगा. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिए एक समिति का गठन किया गया है. समिति के अध्यक्ष के रूप में जिला शिक्षा अधीक्षक एवं संयोजक आशीष टैगोर को बनाया गया है. सदस्य के रूप में समाजसेवी लाल श्याम किशोर नाथ शाहदेव, प्रमोद कुमार सिंह, सविता टोपनो, विकास कांत पाठक, रोज मिंज व संगीत शिक्षक नीरानंद किशोर को शामिल किया गया है.
पेंटिंग प्रतियोगिता एक बजे से
गणतंत्र दिवस के मौके पर समाहरणालय में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा. प्रतियोगिता में वर्ग एक से तीन के लिए स्वच्छ भारत अभियान, वर्ग छह से आठ तक के लिए महापुरुष या स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित पेंटिंग व वर्ग नौ से ऊपर के छात्रों के लिए कैशलेस पर आधारित विषय निर्धारित किया गया है. प्रतियोगिता की जिम्मेवारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं रेडक्रास के सचिव विकासकांत पाठक को दी गयी है.
