इस वर्ष भी पूरी नहीं हुई लोगों की अपेक्षाएं

पिछले दो वर्षों से लटकी है पेयजलापूर्ति योजना अजय वैद्य/सुमित कुमार चंदवा :वर्ष 2016 के खत्म होने में महज चार दिन बचे हैं. देखते ही देखते पूरा साल गुजर गया. इस साल भी प्रखंड वासियों की कई अपेक्षाएं पूरी नहीं हो पायी. इस बात का लोगो में मलाल है. क्षेत्रीय सांसद सुनील कुमार सिंह, विधायक […]

पिछले दो वर्षों से लटकी है पेयजलापूर्ति योजना
अजय वैद्य/सुमित कुमार
चंदवा :वर्ष 2016 के खत्म होने में महज चार दिन बचे हैं. देखते ही देखते पूरा साल गुजर गया. इस साल भी प्रखंड वासियों की कई अपेक्षाएं पूरी नहीं हो पायी. इस बात का लोगो में मलाल है. क्षेत्रीय सांसद सुनील कुमार सिंह, विधायक प्रकाश राम तथा पंचायत प्रतिनिधियों के उदासीन रवैये से लोग क्षुब्ध हैं. प्रखंडवासियों में पेयजल व स्वच्छता विभाग द्वारा शहर में पेयजलापूर्ति, टोरी रेलवे क्रॉसिंग के समीप रोड ओवर ब्रिज निर्माण, स्थानीय जगतमोहन जगधात्री नाथ महाविद्यालय में अध्यापन कार्य शुरू होने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को साधन संपन्न बनाने, गांव में बेकार पड़े स्वास्थ्य उप केंद्रों को आरंभ करने, प्लस टू उच्च विद्यालय स्थित अधूरे खेल स्टेडियम का निर्माण, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भवन समेत शहर के मध्य रांची-चतरा मुख्य पथ का निर्माण का सपना इस वर्ष भी पूरा नहीं हो सका.
पेयजल व स्वच्छता विभाग द्वारा शहर में पेयजलापूर्ति के लिए दो वर्ष पहले वाटर टैंक व फिल्टर हाउस बनकर तैयार किया गया है. शहर समेत आस – पास के मोहल्ले में पाइप लाइन बिछाने का काम भी पूरा किया जा चुका है. इसके बावजूद भी वाटर सप्लाई शुरू नहीं हो पायी. प्रखंड में उच्च शिक्षा के लिए एक मात्र जगतमोहन जगधात्री नाथ महाविद्यालय में अध्यापन कार्य भी शुरू नहीं हो पाने से लोगो में मायूसी है. कॉलेज के अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी, सचिव द्वारा किया गया प्रयास रंग नहीं ला पाया. प्रखंड के कई गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए नये भवन बनाये गये हैं, जो पिछले तीन वर्ष से बेकार पड़े हैं.
लोहरसी में दो भवन तथा नेवाड़ी ग्राम में सड़क किनारे बना भवन लोगों का चिढ़ा रहा है. प्रखंड के एकमात्र खेल मैदान में बना खेल स्टेडियम भी अधूरा है. कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भवन इस वर्ष भी नहीं बन पाया. उक्त विद्यालय रामवि परिसर में चल रहा है. बच्चियों व शिक्षिकाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शहर के मध्य रांची-चतरा मुख्य पथ में बने गड्ढों से नियमित दुर्घटना हो रही है. नागरिकों के बार-बार अनुरोध किये जाने के बावजूद प्रशासन द्वारा इस वर्ष भी पथ की बदहाली दूर नहीं करायी जा सकी.
इसके अलावा एनएच – 99 स्थित रांची-चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग में टोरी लेबर क्रॉसिंग लोगों के लिये सिरदर्द बना हुआ है. क्रॉसिंग बंद रहने के कारण यहां घंटों जाम लगा रहता है. कई मरतबा तो मरीज की जान भी जा चुकी है. टोरी क्रॉसिंग के समीप रोड ओवर ब्रिज की मांग भी इस वर्ष अधूरी रह गयी. इसके अलावा रोजगार व कई विकास योजनाएं भी अधूरी रह गयी. सरकार, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को आम जन कोसने को विव‌श हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >